Ashta News

वन विभाग को दोहरी सफलता : अवैध सागौन परिवहन में मोटरसाइकिल व लकड़ी जब्त

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। वन विभाग की सक्रियता के चलते लगातार दो दिनों में विभाग को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। वर्षा ऋतु में अवैध परिवहन एवं अतिक्रमणकारी अधिक सक्रिय हो जाते हैं, इसी कारण डीएफओ अर्चना पटेल के निर्देश पर रेंजर नवनीत झा द्वारा मानसून गश्ती दल का गठन किया गया है। यह दल नियमित रूप से वनक्षेत्रों एवं संवेदनशील मार्गों पर गश्ती कर रहा है तथा मुखबिरों से सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही करता है।

गुरुवार रात की गश्ती के दौरान टीम को सूचना मिली कि ग्राम रामपुरा की ओर से अवैध सागौन परिवहन हो रहा है। वन विभाग की टीम ने पीछा किया तो अज्ञात आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल और लकड़ी छोड़ जंगल की ओर भाग गया। मौके से हीरो एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल एवं सागौन वनोपज 03 नग (0.069 घ.मी.) जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार से अधिक बताई गई। इस प्रकरण पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 42706/08 दिनांक 28.08.2025 दर्ज किया गया।विभाग को दूसरी सफलता शुक्रवार सुबह मिली जब ग्राम पिरानाखेड़ी से अवैध सागौन परिवहन करते हुए एक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल एवं सागौन वनोपज 0.173 घ.मी. जप्त किया गया, जिसकी कीमत 29 हजार से अधिक आंकी गई। इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 42707/10 दिनांक 29.08.2025 पंजीबद्ध किया गया।

👉 रेंजर नवनीत झा ने बताया कि विभाग ने मानसून में विशेष गश्ती दल का गठन किया है ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि “वन संपदा की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, और किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन या कटाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऐसे मामलों में विभाग कठोर कार्यवाही करता रहेगा।”इन कार्रवाइयों में रेंजर नवनीत झा, डिप्टी रेंजर कुमेर सिंह चौहान, वनरक्षक बहादुर सिंह ठाकुर, फैसल बर्नी, जितेंद्र सिंह ठाकुर, चंचल चंदेल एवं स्थायी कर्मी ओमप्रकाश मेवाड़ा की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

Solverwp- WordPress Theme and Plugin

error: Content is protected !!