Ashta News

कन्नौद रोड एवं अलीपुर चौराहा पर नपा ने चलाया अतिक्रमण अभियान

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर मध्य प्रदेश

आष्टा। स्थानीय प्रशासन के निर्देशानुसार आज कन्नौद रोड एवं अलीपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी गुमठियों, स्थायी ठेलों, गैरेज की दुकानों एवं अन्य अवैध अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया गया।मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी नितीन टाले के निर्देशानुसार नगरपालिका अतिक्रमण अमले द्वारा नगर में सख्त कार्रवाई प्रारंभ की गई है। मुख्य मार्गों पर सड़क के किनारे अवैध सामग्री रखकर, गुमठी-ठेला लगाकर तथा झोपड़ीनुमा दुकानें बनाकर किए गए अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है, जिससे आवागमन में होने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके।

श्री प्रजापति ने आगे बताया कि नगर की सर्कुलर रोड हो या मुख्य बाजार क्षेत्र, लगभग हर स्थान पर अतिक्रमण की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। कई दुकानदार दुकान से कई फुट बाहर तक सामान फैलाकर रखते हैं, जिस कारण ग्राहक के खड़े होने व वाहनों की पार्किंग से मार्ग और संकरा हो जाता है।

परिणामस्वरूप राहगीरों तथा वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है। सर्कुलर रोड पर तो अधिकांश बाजार फुटपाथ पर ही बसा रहता है, जिससे पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिलता।अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी कैलाश घेंघट, स्वच्छता प्रभारी विनोद सांगते, पप्पू खरे, रमेश यादव, गोलू घेंघट सहित नगरपालिका का पूरा अमला मौजूद रहा।

Leave a Comment

Solverwp- WordPress Theme and Plugin

error: Content is protected !!